सीरोन ग्राम पंचायत में शराबबंदी लागू : पंचायत ने लिया बड़ा फैसला, नशाखोरी पर कसा शिकंजा
“समाचार तक की खबर से चल पड़ी मुहिम : साडूमल के बाद अब सीरोन में भी शराबबंदी का बिगुल”

मड़ावरा (ललितपुर)
ग्राम पंचायत सीरोन में रविवार को आयोजित एक विशेष बैठक में ग्रामवासियों ने सर्वसम्मति से शराब पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया। बढ़ती नशाखोरी और उससे समाज पर पड़ रहे बुरे असर को देखते हुए गांव के हर वर्ग, हर समाज के लोग एकजुट हुए और शराब पीने तथा बेचने वालों पर कठोर दंड का प्रावधान किया।
बैठक में बने ग्राम समिति ने ऐलान किया कि—
जो व्यक्ति गांव में शराब बेचेगा, उस पर ₹51,000 का जुर्माना लगाया जाएगा और समाज से बहिष्कृत कर दिया जाएगा।
जो व्यक्ति शराब पीकर समाज में अभद्रता करेगा या गाली-गलौज करेगा, उस पर ₹5,100 का जुर्माना लगाया जाएगा और उसे भी समाज से बाहर किया जाएगा।
ग्राम प्रधान हरपाल सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सर्व समाज के लोग मौजूद रहे। पंचायत ने साफ कर दिया कि इस अभियान में किसी भी जातिवाद या पक्षपात को जगह नहीं दी जाएगी। सभी पर समान नियम लागू होंगे और नशामुक्त गांव बनाने की दिशा में कठोरता से फैसले लागू किए जाएंगे।
लगातार दूसरे दिन नशाबंदी की गूंज
बता दें कि समाचार तक ने एक दिन पहले ही साडूमल गांव में हुए इसी तरह के सामूहिक फैसले की खबर प्रकाशित की थी। वहां भी ग्रामीणों ने मिलकर शराबबंदी का बिगुल फूंका था। अब सीरोन पंचायत ने भी उसी राह पर कदम बढ़ाया है।
अगर यही मुहिम गांव-गांव में फैल गई तो मड़ावरा ब्लॉक जैसे पिछड़े इलाके में नशाखोरी पर काफी हद तक अंकुश लग सकेगा।
गांव के लोगों ने दिखाई एकजुटता
इस बैठक में ग्राम प्रधान हरपाल सिंह के साथ प्रमुख ग्रामीणों में कुलदीप सिंह, गजराज सिंह यादव, राममिलन कुशवाहा, रामसहाय यादव, अमन कुशवाहा, पंचम सिंह लोधी, राजा अरविंद्र कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि—
“अब हमारा गांव नशा मुक्त बनेगा, चाहे इसके लिए कितनी भी सख्ती करनी पड़े।”
ग्रामीणों का कहना
ग्रामीणों का मानना है कि शराब की लत से गांव का सामाजिक ताना-बाना बिगड़ रहा था। आए दिन विवाद, झगड़े और घरेलू कलह की घटनाएं सामने आती थीं। गरीब परिवारों की कमाई का बड़ा हिस्सा नशे में बर्बाद हो जाता था। ऐसे में नशाखोरी पर रोक लगाने का यह कदम गांव के भविष्य को संवारने में मील का पत्थर साबित हो सकता है।
रिपोर्ट – लक्ष्मण सिंह गौर
पिसनारी/मड़ावरा
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



