कटिहार (बिहार)
जिले के कोढ़ा प्रखंड स्थित अंचल कार्यालय पर इन दिनों भू माफियाओं के प्रभाव के गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं। हालात ऐसे बताए जा रहे हैं कि न्यायालय और सरकारी आदेशों का भी खुलेआम अनुपालन नहीं हो पा रहा है, जिससे आम जनता की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
ताजा मामला कटिहार बरमसिया निवासी संजय कुमार सिंह उर्फ पुतुल सिंह से जुड़ा है। पीड़ित का आरोप है कि उनकी पुश्तैनी जमीन का अवैध रूप से दाखिल खारिज कर दिया गया। यह कार्रवाई एक संगठित भू माफिया गिरोह द्वारा की गई, जिसमें अंचल कार्यालय के पदाधिकारियों और राजस्व कर्मचारियों की मिलीभगत बताई जा रही है।
पीड़ित के अनुसार, माननीय उच्च न्यायालय द्वारा भूमि की खरीद बिक्री पर रोक लगाने से संबंधित आदेश संख्या एफ ए नंबर 82 वर्ष 2011 एवं आई ए नंबर 2525 वर्ष 2013 प्रभावी होने के बावजूद फर्जी तरीके से दाखिल खारिज कर दिया गया। इस पूरे प्रकरण को लेकर पीड़ित ने बिहार के उप मुख्यमंत्री सह राजस्व मंत्री विजय सिन्हा को लिखित शिकायत भी सौंपी है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कोढ़ा अंचल कार्यालय में बिना दलालों और भू माफियाओं के कोई भी काम नहीं होता। रिश्वत के बिना फाइल आगे नहीं बढ़ती और दबंग गिरोह के दबाव में अधिकारी कर्मचारी न्यायालयी आदेशों की भी अनदेखी कर रहे हैं।
पीड़ित ने यह भी बताया कि न्यायालय में मामला लंबित रहने का फायदा उठाकर भू माफिया गिरोह द्वारा खेतों में खड़ी फसल तक जबरन उठा ली जाती है, जिससे किसान पूरी तरह असहाय हो चुके हैं। इस स्थिति ने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब बड़ा सवाल यह है कि जब अंचल कार्यालय ही दबंगों के प्रभाव में हो, तो आम जनता अपनी फरियाद लेकर आखिर जाए तो कहां जाए।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
पूर्णिया प्रमंडल प्रभारी
कटिहार (बिहार)
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



