Katihar; भक्ति और उल्लास में डूबा कथा प्रांगण, फूल होली के साथ भागवत यज्ञ का समापन
श्रीमद्भागवत कथा के अंतिम दिन उमड़े श्रद्धालु, राधा कृष्ण भक्ति में सराबोर हुआ वातावरण

कटिहार, बिहार
श्री श्याम मित्र मंडल द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का साप्ताहिक आयोजन श्रद्धा, भक्ति और भावनाओं के सागर में डूबते हुए भावपूर्ण रूप से संपन्न हुआ। अंतिम दिन कथा प्रांगण राधे राधे की मधुर गूंज से गूंज उठा और श्रद्धालुओं का हृदय गुरु कृपा से सराबोर नजर आया।
परम श्रद्धेय आचार्य श्री गौरव कृष्ण गोस्वामी महाराज ने अंतिम प्रवचन में कहा कि अशांत मन वाला व्यक्ति कभी सुखी नहीं हो सकता। जीवन में चाहे जितनी भी धन संपदा क्यों न हो, यदि मन में शांति नहीं है तो सुख संभव नहीं। उन्होंने परम भक्त सुदामा के चरित्र का मार्मिक वर्णन करते हुए कहा कि निर्धनता के बावजूद सुदामा जी इसलिए सुखी थे क्योंकि उनके पास प्रभु नाम रूपी ब्रह्म धन था। समाज में सच्चा सम्मान अमीरी से नहीं बल्कि ईमानदारी, सज्जनता और अच्छे कर्मों से मिलता है।
कथा के समापन अवसर पर फूल होली महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। होली खेल रहे बांके बिहारी और राधे राधे बरसाने वाली जैसे भजनों पर हजारों श्रद्धालु भक्ति में झूम उठे। पूरा कथा प्रांगण राधा कृष्ण मय वातावरण में परिवर्तित हो गया। रात्रि बेला में भजन कलाकार अमित पोद्दार एवं उनकी टीम ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
श्री श्याम मित्र मंडल ने बताया कि अंतिम दिन हवन पूर्णाहुति, भागवत पूजन विसर्जन एवं श्री श्याम ज्योत के विराम के उपरांत भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मंडल की ओर से सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में सहभागी बनकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की गई है।
रिपोर्ट- प्रीतम चक्रवर्ती
पूर्णिया प्रमंडल प्रभारी
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



