
बेगूसराय, (बिहार)
कृषि एवं किसान कल्याण को सशक्त बनाने की दिशा में आईसीएआर भारतीय मक्का अनुसंधान संस्थान के क्षेत्रीय मक्का अनुसंधान एवं बीज उत्पादन केंद्र बेगूसराय में विशेष मक्का मूल्य संवर्धन एवं उद्यमिता विकास विषय पर तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण 28 से 30 जनवरी 2026 तक आयोजित हुआ, जिसे बामेती पटना द्वारा प्रायोजित किया गया था। प्रशिक्षण में बिहार के 13 जिलों से एटीएम, बीटीएम एवं प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान वैज्ञानिक डॉ चिक्कप्पा जी करजागी के व्याख्यान से हुआ। उन्होंने बेबी कॉर्न, स्वीट कॉर्न, पॉपकॉर्न एवं क्वालिटी प्रोटीन मक्का जैसी विशेष किस्मों की खेती, बाजार संभावनाओं और मूल्य संवर्धन के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने शहरी एवं पेरी अर्बन क्षेत्रों के आसपास विशेष मक्का उत्पादन को अधिक लाभकारी बताया।
आईसीएआर आईआईएमआर के वैज्ञानिकों द्वारा विशेष मक्का में लगने वाले प्रमुख कीट एवं रोग, उनके समेकित प्रबंधन, भूमि तैयारी, बीज उपचार, संतुलित उर्वरक उपयोग, खरपतवार नियंत्रण, सिंचाई प्रबंधन और कटाई उपरांत प्रबंधन पर तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। अफ्लाटॉक्सिन नियंत्रण को लेकर भी प्रतिभागियों को विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान कम लागत हरा चारा उत्पादन, साइलेज निर्माण और बायो एथेनॉल के बढ़ते महत्व पर विशेष सत्र आयोजित किए गए। डॉ उषा सिंह, डीन सामुदायिक विज्ञान ने मक्का प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया, जिसमें प्रतिभागियों ने मक्का से लड्डू, बिस्कुट और ठेकुआ जैसे उत्पाद बनाना सीखा। उन्होंने बताया कि मक्का से 110 से अधिक मूल्य संवर्धित उत्पाद तैयार किए जा सकते हैं।
डॉ चंदर मोहन ने मक्का में हाइब्रिड बीज उत्पादन की प्रक्रिया पर जानकारी दी, जबकि डॉ आलोक कुमार साहू ने मक्का मूल्य श्रृंखला, एफपीओ एवं स्वयं सहायता समूहों की भूमिका तथा बिहार में मक्का आधारित उद्यमिता विकास पर प्रकाश डाला।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने आईसीएआर आईआईएमआर आरएमआरएसपीसी फार्म का भ्रमण कर बेबी कॉर्न, स्वीट कॉर्न और पॉपकॉर्न की खेती का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। साथ ही कुश्माहौत गांव में किसान सहभागितात्मक मक्का हाइब्रिड बीज उत्पादन कार्यक्रम को भी देखा गया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में तकनीकी अधिकारी कमल वत्स और राहुल कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम किसानों और विस्तार कर्मियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने के साथ साथ बिहार में विशेष मक्का एवं मूल्य संवर्धन आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण साबित हुआ।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
प्रमंडल प्रभारी पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



