
कटिहार, (बिहार)
कटिहार सदर अस्पताल परिसर स्थित ए एन एम स्कूल के सभागार में राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन जागरूकता कार्यक्रम के तहत एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कुष्ठ रोग से होने वाली दिव्यांगता के कारणों और उसके निवारण को लेकर समाज को जागरूक करना तथा कुष्ठ प्रभावित व्यक्तियों को सम्मानित करना रहा। आयोजन कोशी क्षेत्रीय विकलांग, विधवा, वृद्ध कल्याण समिति कटिहार के सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सिविल सर्जन डॉ जितेंद्र नारायण सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कुष्ठ रोग के प्रारंभिक लक्षणों की जानकारी देते हुए बताया कि शरीर के किसी भी हिस्से पर ऐसे दाग या धब्बे जिनमें दर्द या खुजली न हो, कुष्ठ रोग के शुरुआती संकेत हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि समय रहते पहचान और इलाज से दिव्यांगता को पूरी तरह रोका जा सकता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विशिष्ट अतिथि प्रांत सेवा प्रमुख आरएसएस उत्तर बिहार माननीय राजा राम जी एवं बिहार राज्य सलाहकार बोर्ड सदस्य समाज कल्याण विभाग शिव शंकर रमानी ने समाज में कुष्ठ रोगियों के प्रति व्याप्त भेदभाव को समाप्त करने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। शिव शंकर रमानी ने बताया कि बिहार सरकार के निर्देशानुसार 11 फरवरी 2026 को सभी कुष्ठ रोगियों के लिए दिव्यांग प्रमाण पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड चिकित्सकों द्वारा बनाए जाएंगे।
कार्यक्रम में चिकित्सा एवं समाज सेवा क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इनमें ए एन एम स्कूल के प्राचार्य मो आरिफ, जनरल फिजिशियन डॉ एस पी विंकर, हड्डी जोड़ विशेषज्ञ अमरेंद्र कुमार सिंह, प्रो बिरेंद्र कुमार सिंह, गंगाराम चंद्रवंशी, योगेश दुबे, सरदार अमर सिंह, डॉ मो आज़म, जुलि देवी, मोनिका कुमारी, मुन्ना शाह, शंभू ठाकुर, राजीव कुमार सिंह, रवि कुमार दास सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ साथ प्रभावित व्यक्तियों को सम्मान देकर समाज में सकारात्मक संदेश दिया गया।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
प्रमंडल प्रभारी पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



