
कटिहार
श्रीकृष्ण गौशाला कटिहार के पवित्र एवं आध्यात्मिक वातावरण में एक भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन उत्साह, अनुशासन और सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। सम्मेलन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता, धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, शिक्षक एवं युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए। गौशाला परिसर भगवा ध्वजों और सांस्कृतिक संदेशों से सुसज्जित रहा, जिससे वातावरण आस्था और एकजुटता से परिपूर्ण दिखाई दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह प्रांत प्रचारक प्रवीर ने अपने संबोधन में भारतीय संस्कृति की मूल भावना, सामाजिक समरसता और संगठित समाज की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि संस्कार, परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़कर ही समाज और राष्ट्र सशक्त बन सकता है। उन्होंने युवाओं और शिक्षकों से सेवा, संगठन और संस्कार के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सम्मेलन की अध्यक्षता श्रीकृष्ण गौशाला के उपाध्यक्ष राजीव जायसवाल ने की। उन्होंने गौसेवा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गौमाता आस्था, पर्यावरण संतुलन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार हैं। उन्होंने गौशालाओं के संरक्षण और समाज की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने की अपील की।
सम्मेलन में गायत्री परिवार के सदानंद पोद्दार, संतमत से जुड़े उमेश शर्मा तथा शिव शिष्य परिवार के रविकांत ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने सामाजिक एकता, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से गूंज उठा। मंच संचालन आशीष झा ने किया। सम्मेलन का समापन राष्ट्र वंदना, गौमाता वंदन और सामूहिक संकल्प के साथ किया गया। आयोजन को सफल बनाने में गौशाला समिति, स्थानीय कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों एवं शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
जिल प्रमंडल प्रभारी – पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



