
कटिहार
जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने सदर अस्पताल कटिहार का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की कार्यप्रणाली में कई गंभीर खामियां सामने आईं, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने ओपीडी, इमरजेंसी, विभिन्न वार्ड, अल्ट्रासाउंड कक्ष, दवा वितरण काउंटर, जांच कक्ष और साफ सफाई व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिलने, अव्यवस्था, अनावश्यक परेशानियों और प्रबंधन स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर अस्पताल प्रबंधक का वेतन काटने का आदेश दिया गया। साथ ही संबंधित डीएम से शोकॉज करते हुए स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सदर अस्पताल में चौबीस घंटे अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा सुनिश्चित की जाए और डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति अनिवार्य हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद कर इलाज, दवा वितरण और जांच सुविधाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार लाने, साफ सफाई दुरुस्त रखने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के इस औचक निरीक्षण के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया है, वहीं आम लोगों में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को लेकर उम्मीद जगी है।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
जिल प्रमंडल प्रभारी – पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



