
कटिहार (बिहार)
कांग्रेस पार्टी द्वारा कटिहार में मनरेगा के खिलाफ आयोजित एकदिवसीय धरना प्रदर्शन ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया। धरने में सांसद तारिक अनवर की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और धारदार बना दिया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता धरना स्थल पर मौजूद रहे।
धरना को संबोधित करते हुए सांसद तारिक अनवर ने कहा कि मनरेगा का नाम बदलने की कोशिश भाजपा सरकार की सोची समझी साजिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके पीछे महात्मा गांधी के नाम और उनकी विचारधारा को धीरे धीरे मिटाने की मंशा छिपी हुई है।
केंद्र सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
सांसद तारिक अनवर ने कहा कि मनरेगा मूल रूप से गांव केंद्रित योजना रही है, जिसका संचालन पंचायत और राज्य स्तर पर होता रहा है। अब केंद्र सरकार इसे पूरी तरह अपने नियंत्रण में लेने की तैयारी कर रही है।
उन्होंने कहा कि ऐसा होने से ग्रामीण गरीबों, मजदूरों और पंचायतों के अधिकार कमजोर होंगे। कांग्रेस इस साजिश को कभी सफल नहीं होने देगी और इसके खिलाफ सड़क से संसद तक संघर्ष जारी रहेगा।
जिलाध्यक्ष ने बताया गरीबों की जीवनरेखा
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि मनरेगा देश के करोड़ों गरीब परिवारों की जीवनरेखा है। योजना को कमजोर करना सीधे तौर पर गरीबों के पेट पर हमला है।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि मनरेगा को और मजबूत किया जाए, 100 दिन के रोजगार की गारंटी सुनिश्चित की जाए और बकाया मजदूरी का तत्काल भुगतान किया जाए।
बड़े आंदोलन के दिए संकेत
धरना प्रदर्शन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें प्रोफेसर विनोद यादव, पूर्व विधायक सतनारायण प्रसाद, पूर्व विधायक सुनीता देवी, नगर अध्यक्ष पुतुल सिंह, प्रकोष्ठ अध्यक्ष अंजुमन कौशल उर्फ अमरपाली यादव, संजय कुमार सिंह, आनंद सिंह, संजय सिंह, जिला प्रवक्ता पंकज तंबाकू वाला, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ अध्यक्ष प्रदीप पासवान, गोपाल यादव, मोहम्मद मन्नान, कुरसेला प्रखंड अध्यक्ष राजीव कुमार, बरारी प्रखंड अध्यक्ष सिमरनजीत सिंह, युवा जिला अध्यक्ष मन्नी पासवान, इश्तियाक आलम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल थे।
वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि यदि मनरेगा से छेड़छाड़ बंद नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन को और व्यापक रूप देगी। धरना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, लेकिन नेताओं ने इसे आने वाले बड़े आंदोलन का संकेत बताया।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
मंडल प्रभारी
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



