Uttar Pradesh ; सहरिया बच्चों को मिला पहचान का अधिकार
ललितपुर में विशेष अभियान, 307 बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र जारी

ललितपुर (उत्तर प्रदेश)
जनपद ललितपुर में सहरिया जनजाति के बच्चों के लिए जिला प्रशासन ने विशेष पहल करते हुए जन्म प्रमाण पत्र जारी करने का अभियान चलाया। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने स्पष्ट कहा कि कोई भी बच्चा केवल दस्तावेजों के अभाव में अपने अधिकारों से वंचित नहीं रहेगा।
जनता दर्शन के दौरान सहरिया समुदाय के परिजन अपने बच्चों के साथ पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि जन्म प्रमाण पत्र न होने के कारण आधार कार्ड नहीं बन पा रहे हैं और बच्चे शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। विद्यालय में प्रवेश, छात्रवृत्ति और अन्य सुविधाओं में भी कठिनाई हो रही थी।
जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी और सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि सहरिया बाहुल्य ग्राम पंचायतों में विशेष अभियान चलाकर ऐसे बच्चों का चिन्हांकन किया जाए जिनके जन्म प्रमाण पत्र अब तक जारी नहीं हुए हैं। घर घर संपर्क कर आवश्यक अभिलेख एकत्रित करने और त्वरित प्रमाण पत्र निर्गत करने के निर्देश दिए गए।
विशेष अभियान के तहत ग्राम पंचायत धौर्रा, पिपरई, मड़ौन, कपासी और भारौन में सर्वेक्षण किया गया। शून्य से पंद्रह वर्ष तक के बच्चों की पहचान कर कुल 307 जन्म प्रमाण पत्र जारी किए गए। ग्राम पंचायत धौर्रा में 74, पिपरई में 35, मड़ौन में 60, कपासी में 59 और भारौन में 79 बच्चों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
जन्म प्रमाण पत्र जारी होने के बाद अब इन बच्चों के आधार कार्ड बन सकेंगे और उन्हें शिक्षा, छात्रवृत्ति, पोषण, स्वास्थ्य और अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। जिला प्रशासन ने संकेत दिया है कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि कोई भी पात्र बच्चा अपने संवैधानिक अधिकारों से वंचित न रहे।
रिपोर्ट – आर. के. पटेल
ललितपुर
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



