
बांदा (उत्तर प्रदेश)
जनपद बांदा के बबेरू कोतवाली क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 20 वर्षीय युवती खून से सना फरसा लेकर सीधे थाने पहुंची और गांव के एक व्यक्ति की हत्या करने की बात कबूल की। युवती के इस कबूलनामे से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार मामला बबेरू कोतवाली क्षेत्र के मुरवल गांव का है। गुरुवार दोपहर युवती थाने पहुंची और बताया कि उसने गांव के सुखराज प्रजापति की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस ने फरसा कब्जे में लिया और युवती को हिरासत में लेकर गांव पहुंची, जहां घर के एक कमरे में चारपाई पर सुखराज प्रजापति का शव पड़ा मिला। शव के सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे घटना की भयावहता स्पष्ट हो रही थी।
प्रारंभिक पूछताछ में युवती ने बताया कि उसके पिता की लगभग डेढ़ वर्ष पहले बीमारी के चलते मौत हो चुकी थी। इसके बाद परिवार की जिम्मेदारी उसकी मां पर आ गई थी, जो सिलाई का काम कर परिवार का भरण पोषण कर रही थीं। सामने रहने वाले सुखराज प्रजापति द्वारा आर्थिक मदद किए जाने के कारण उसका घर में आना जाना बढ़ गया था।
युवती का आरोप है कि सुखराज शराब के नशे में अक्सर गलत हरकतें करता था। घटना वाले दिन जब उसकी मां खेत गई हुई थी, तब सुखराज घर आया और जबरदस्ती करने लगा। विरोध करने पर हालात बिगड़ गए और खुद को बचाने के लिए युवती ने घर में रखा फरसा उठाकर उस पर वार कर दिया। गिरने के बाद दोबारा किए गए वार से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि युवती के बयान, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल युवती हिरासत में है और पूछताछ जारी है। घटना के बाद गांव में दहशत और सन्नाटे का माहौल बना हुआ है।
रिपोर्ट – समाचार तक
बांदा (उत्तर प्रदेश)
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



