भाटीकला गांव में कोटेदार के खिलाफ ग्रामीणों का हंगामा
पांच–छह महीने से राशन न मिलने का आरोप, कोटेदार दुकान बंद कर फरार, ग्रामीणों का धरना जारी

जनपद मऊ
मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के भाटीकला गांव में शुक्रवार को कोटेदार के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। दर्जनों की संख्या में राशन कार्ड धारक खाद्यान्न लेने दुकान पर पहुँचे, लेकिन राशन न मिलने पर उन्होंने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि कोटेदार पिछले पांच–छह महीनों से अंगूठा लगवाने के बाद भी राशन नहीं दे रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि किसी को दो महीने, किसी को पांच महीने, किसी को छह महीने तो किसी को इक्कीस महीने से भी राशन नहीं मिला है। आरोप है कि कोटेदार बार–बार कहता है कि “अगले महीने मिलेगा”, लेकिन लगातार टालमटोल कर रहा है। स्थिति यह हो गई है कि कई परिवार भुखमरी की कगार पर पहुँच चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक बकाया राशन नहीं मिलेगा, तब तक धरना और प्रदर्शन जारी रहेगा।
कोटेदार की दुकान पर प्रदर्शन के दौरान जब ग्रामीण राशन की मांग कर रहे थे तो कोटेदार अचानक दुकान बंद कर फरार हो गया। इससे गुस्साए लोगों ने दुकान के सामने ही धरना शुरू कर दिया। इस दौरान सुशीला देवी, विद्या देवी, बच्ची देवी, रेनू सिंह, चंद्रबाला, कमली देवी, लालती देवी, शीला देवी, मनसा देवी, कुसुम और सुमन समेत अनेक राशन कार्ड धारक मौजूद रहे।
कोटेदार और प्रशासन का पक्ष
कोटेदार रामनारायण सरोज ने ग्रामीणों के आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि समय–समय पर सभी पात्र कार्ड धारकों को राशन दिया गया है। इतने महीनों तक कोई भी अंगूठा लगाकर राशन नहीं छोड़ सकता।
वहीं सप्लाई इंस्पेक्टर अमित कुमार ने बताया कि अब तक भाटीकला गांव के कोटेदार के खाद्यान्न वितरण में अनियमितता की कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। यदि ग्रामीण लिखित शिकायत करते हैं तो इसकी गहन जांच कराई जाएगी और आरोप सही पाए जाने पर कार्यवाही की जाएगी।
🖋️ रिपोर्ट – अजीत पटेल
जिला ब्यूरो – जनपद मऊ
🟢 समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



