
कटिहार ( पूर्णिया )
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स द्वारा आहूत एक दिवसीय देशव्यापी हड़ताल के तहत 27 जनवरी 2026 को कटिहार में बैंक कर्मियों ने सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। बिहार स्टेट सेंट्रल बैंक एम्प्लाई यूनियन कटिहार, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ऑफिसर एसोसिएशन कटिहार एवं सेंट्रल बैंक ऑफिसर एसोसिएशन एआईबीओसी कटिहार के संयुक्त तत्वावधान में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय कार्यालय के मुख्य गेट पर धरना प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय सचिव चंदन कुमार ने कहा कि 5-डे बैंकिंग के मुद्दे पर सरकार का रवैया निराशाजनक है। उन्होंने कहा कि बैंक कर्मियों ने हमेशा सरकार की नीतियों को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ लागू किया है। जब सरकार के कई अन्य विभागों में पांच दिवसीय कार्य प्रणाली लागू है, तो बैंकिंग सेक्टर में इसे लागू न करने का कोई औचित्य नहीं है।
इस मौके पर सेंट्रल बैंक ऑफिसर एसोसिएशन के वाइस प्रेसिडेंट अबुल कलाम आजाद ने कहा कि संगठन के पदाधिकारी और सदस्य दिनभर हड़ताल के समर्थन में डटे रहे। उन्होंने 5-डे बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग को कर्मचारियों के हित में आवश्यक बताया।
बैंक कर्मियों की प्रमुख मांगों में 5-डे बैंकिंग कार्य प्रणाली लागू करना, पुरानी पेंशन योजना बहाल करना और बैंकों के निजीकरण पर रोक लगाना शामिल है।
प्रदर्शन में सौरव कुमार, धीरज, धीरेंद्र, इंदरजीत, उमाशंकर, रंजीत कुमार, संजीव कुमार, पंकज कुमार, हर्ष कुमार सिंह एवं धीरेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में बैंककर्मी मौजूद रहे।
अंत में यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
मंडल प्रभारी पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



