
कटिहार (बिहार)
भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय कटिहार में भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज राय की अध्यक्षता में जी राम जी योजना को लेकर जिला स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन के मुख्य अतिथि पूर्व उपमुख्यमंत्री सह सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा वंदे मातरम् के साथ किया गया। इस अवसर पर तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में जी राम जी अभियान के अंतर्गत ग्रामीण रोजगार की नई गारंटी योजना को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जी राम जी विधेयक को केंद्रीय क्षेत्र की योजना से केंद्र प्रायोजित योजना के ढांचे में परिवर्तित किया गया है। इसके तहत अब ग्रामीण रोजगार और परिसंपत्ति निर्माण की प्रक्रिया अधिक स्थायी और प्रभावी होगी। नए ढांचे के अनुसार राज्य मानक आवंटन प्रणाली के माध्यम से लागत और जिम्मेदारियां साझा करेंगे, जिससे योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि गांव, गरीब और मजदूरों के सशक्तिकरण के लिए केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन जन तक पहुंचाना भाजपा कार्यकर्ताओं की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि जी राम जी योजना ग्रामीण विकास, आत्मनिर्भरता और रोजगार सृजन की दिशा में एक मजबूत पहल है। यह योजना विकसित भारत के संकल्प को धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय टोली का गठन किया गया, जिसमें संजय झा, श्वेता राय, राजीव भारती और सूरज शाह को संयोजक बनाया गया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक विभाष चंद्र चौधरी, पूर्व जिला अध्यक्ष कृष्ण कुमार सराय, लक्खी प्रसाद महतो, जिला महामंत्री रामनाथ पांडे, वीरेंद्र यादव, महेन्द्र झा सहित सभी जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, विधानसभा प्रभारी, विधानसभा संयोजक, मंडल प्रभारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
जिल प्रमंडल प्रभारी – पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



