
कटिहार (बिहार)
नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित वर्ल्ड एआई समिट के दौरान हुए विवाद को लेकर कटिहार में भाजपा युवा मोर्चा ने विरोध प्रदर्शन किया। शहीद चौक पर जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह प्रिंस के नेतृत्व में राहुल गांधी का पुतला दहन किया गया।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम के दौरान की गई गतिविधियों से देश की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास हुआ है। विरोध प्रदर्शन में भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज राय, पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, प्राणपुर विधायक निशा सिंह, कोढ़ा विधायक कविता पासवान और जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की प्रतिष्ठा सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है। जिला अध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि इस मामले में जिम्मेदार लोगों को सार्वजनिक रूप से अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।
विरोध कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष शोभा जायसवाल, महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रियंका सिंह, नगर अध्यक्ष बबलू पासवान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नेताओं ने कहा कि देश के मान सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
मंडल प्रभारी
समाचार तक
बेबाक खबर बड़ा असर



