
बरसोई (कटिहार, बिहार)
नगर पंचायत बरसोई में एक ही सड़क के दो बार शिलान्यास का मामला सामने आने के बाद स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है। विकास कार्य को लेकर श्रेय लेने की होड़ ने आम लोगों के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 05 अक्टूबर 2025 को बरसोई के पूर्व विधायक महबूब आलम की उपस्थिति में उक्त सड़क का शिलान्यास किया गया था। उस दौरान नगर पंचायत बरसोई के मुख्य पार्षद एवं उप मुख्य पार्षद भी मौजूद रहे थे। कार्यक्रम को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया था।

हाल ही में उसी सड़क का दोबारा शिलान्यास वर्तमान विधायक संगीता देवी द्वारा किए जाने की खबर सामने आई है। इस घटनाक्रम के बाद स्थानीय नागरिकों के बीच चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि विकास कार्य समय पर पूरा होना चाहिए, न कि उसे राजनीतिक श्रेय के विवाद में उलझाया जाए।

नागरिकों ने प्रशासन से पूरे मामले पर स्पष्ट जानकारी देने और सड़क निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति सार्वजनिक करने की मांग की है। साथ ही विकास कार्यों को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की अपेक्षा जताई है।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
प्रमंडल प्रभारी, पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर


