
सुपौल (कटिहार)
बिहार के सुपौल जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र में 26 जनवरी को आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान एक सरकारी विद्यालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब विद्यालय में कार्यरत एक शिक्षक पर आपत्तिजनक नारे लगाने का गंभीर आरोप सामने आया।
आरोप है कि शिक्षक मो मंसूर आलम ने ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के बाद राष्ट्रीय भावना के विरुद्ध नारे लगाए। इस घटना से विद्यालय परिसर में मौजूद छात्र, शिक्षक और अन्य लोग स्तब्ध रह गए तथा मौके पर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक धनंजय तिवारी द्वारा मामले को गंभीर मानते हुए किशनपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के अनुसार घटना के बाद छात्रों और उपस्थित लोगों में आक्रोश देखा गया। छात्रों के बयान में भी शिक्षक द्वारा आपत्तिजनक नारे लगाए जाने की पुष्टि की गई है।
शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन सतर्क हो गया और विद्यालय परिसर में स्थिति को नियंत्रित किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर इस तरह की घटना गंभीर है और मामले की जांच कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे प्रकरण की गहराई से जांच में जुटी हुई है।
रिपोर्ट – समाचार तक, बेबाक खबर, बड़ा असर
सुपौल बिहार



