
कटिहार (बिहार)
आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए जिले में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्थानीय सांसद तारिक अनवर ने निरीक्षण भवन में बिजली विभाग के वरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में संभावित लोड बढ़ोतरी तथा तकनीकी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सांसद ने ट्रांसफॉर्मर की क्षमता, फीडर लाइन की स्थिति, मेंटेनेंस कार्य और खराब उपकरणों के प्रतिस्थापन को लेकर विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गर्मी शुरू होने से पहले सभी आवश्यक मरम्मत कार्य पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक कटौती या व्यवधान का सामना न करना पड़े।
बैठक में यह भी जोर दिया गया कि शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखा जाए और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष निगरानी की व्यवस्था की जाए। सांसद ने कहा कि बिजली आपूर्ति में सुधार से ही उद्योग, व्यापार और आम जनजीवन सुचारु रह सकता है।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुनील यादव, नगर अध्यक्ष रिंकू मिश्रा, संजय कुमार सिंह, युवा जिलाध्यक्ष मन्नी पासवान, बरारी प्रखंड अध्यक्ष सिमरणजीत सिंह तथा दिलीप विश्वास उपस्थित रहे। सभी ने गर्मी के दौरान आम लोगों को राहत देने के लिए मजबूत विद्युत व्यवस्था की आवश्यकता पर बल दिया।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
प्रमंडल प्रभारी, पूर्णिया (बिहार)
समाचार तक
बेबाक खबर बड़ा असर



