
कटिहार (बिहार)
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित माध्यमिक मैट्रिक परीक्षा आज से प्रारंभ हो गई। पहले दिन जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों की भीड़ देखी गई। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और अनुशासन के व्यापक इंतजाम किए गए, जिसके बीच परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।
आदर्श उच्च विद्यालय, गांधी उच्च विद्यालय, हरिशंकर नायक विद्यालय, उमा देवी मिश्रा गर्ल्स स्कूल, कटिहार हाई स्कूल तथा महेश्वरी अकैडमी सहित कई केंद्रों पर परीक्षार्थी निर्धारित समय से पहले पहुंचे। प्रवेश से पूर्व सभी छात्रों की सघन जांच की गई और निषिद्ध सामग्री पर पूरी तरह रोक सुनिश्चित की गई।
परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों की मौजूदगी भी रही, जो बच्चों का उत्साह बढ़ाते नजर आए। केंद्राधीक्षकों और शिक्षकों ने समय समय पर आवश्यक निर्देश दिए, जिससे परीक्षा प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सकी।
जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए उड़नदस्तों की तैनाती की गई है। केंद्रों के आसपास विधि व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रशासन सतर्क रहा। आगामी परीक्षाएं भी इसी प्रकार कड़ी निगरानी में संपन्न कराई जाएंगी।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
प्रमंडल प्रभारी, पूर्णिया (बिहार)
समाचार तक
बेबाक खबर बड़ा असर



