
कटिहार
कटिहार जिले के कुरसेला प्रखंड अंतर्गत समापुर वनग्राम पंचायत क्षेत्र में कौओं की रहस्यमय मौत के बाद बर्ड फ्लू की आशंका गहराने लगी है। एहतियातन पशुपालन विभाग ने मुर्गी का सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है और पूरे मामले को लेकर विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ प्रमोद कुमार मेहता ने बताया कि जहां कौओं की मौत हुई है, उस क्षेत्र और आसपास के इलाकों को सैनिटाइज किया जा रहा है। साथ ही संदिग्ध परिस्थितियों में हुई पक्षियों की मौत के मामलों की सैंपल जांच कराई जा रही है। फिलहाल सभी की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि जांच में बर्ड फ्लू की पुष्टि होती है तो संक्रमण के फैलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि अभी तक जिले में मुर्गियों की मौत का कोई पुष्ट मामला सामने नहीं आया है, जिससे स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
पशुपालन विभाग ने बताया कि इससे पहले भागलपुर और दरभंगा जिलों में भी कौओं की मौत की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है। सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग की ओर से आम लोगों से अपील की गई है कि मृत पक्षियों को न छुएं, किसी भी असामान्य गतिविधि या पक्षियों की मौत की सूचना तुरंत प्रशासन या पशुपालन विभाग को दें और अफवाहों से दूर रहें। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई सरकारी दिशा निर्देशों के अनुसार की जाएगी।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
जिल प्रमंडल प्रभारी – पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



