
कटिहार
कटिहार जिले के अजमनगर थाना क्षेत्र में सामने आए हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। अजमनगर थाना पुलिस ने बेरिया पंचायत के मुखिया मो अब्दु तालिब को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी एक 18 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या के मामले में की गई है।
पुलिस के अनुसार 2 नवंबर 2025 को परिवादी मो मन्नान पिता स्वर्गीय अब्बास निवासी सिकटिया बेरिया थाना अजमनगर जिला कटिहार द्वारा न्यायालय में परिवाद संख्या 1866 2025 दर्ज कराया गया था। इसके आधार पर अजमनगर थाना कांड संख्या 415 25 दर्ज किया गया, जो संबंधित धाराओं के अंतर्गत है।
परिवाद में आरोप लगाया गया कि 10 सितंबर 2025 को परिवादी के 18 वर्षीय पुत्र अशद आलम की हत्या मुखिया मो अब्बू तालिब और उनके दो सहयोगियों द्वारा धारदार हथियार से सिर पर वार कर की गई। हत्या के बाद शव को साक्ष्य छिपाने की नीयत से तालाब में फेंक दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कटिहार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बारसोई के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। वैज्ञानिक अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बेरिया पंचायत के मुखिया मो अब्बू तालिब पिता मो सजीरुद्दीन को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
प्रमंडल प्रभारी पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



