
कटिहार (बिहार)
कटिहार जिले में बर्ड फ्लू H5N1 की प्रयोगशाला से पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। राज्य स्वास्थ्य समिति के निर्देश पर जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और पशुपालन विभाग को अलर्ट मोड में रखा गया है। प्रभावित क्षेत्र के लिए माइक्रो एक्शन प्लान तैयार किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित इलाके के तीन किलोमीटर दायरे में घर घर सर्वे का निर्देश दिया है। सर्दी, खांसी, बुखार या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षणों वाले लोगों की पहचान की जाएगी। गंभीर श्वसन संक्रमण के मामलों के सैंपल जांच के लिए पटना भेजे जाएंगे।
अस्पतालों में दवाएं, पीपीई किट, एन 95 मास्क और वेंटिलेटर की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। पशुपालन विभाग को पोल्ट्री फार्म की दैनिक निगरानी और असामान्य पक्षी मृत्यु की त्वरित सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। दस किलोमीटर दायरे में पक्षियों के परिवहन पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि घबराने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन सतर्कता जरूरी है। किसी भी असामान्य पक्षी मृत्यु या फ्लू जैसे लक्षण की सूचना तुरंत प्रशासन को देने को कहा गया है।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
पूर्णिया प्रमंडल प्रभारी
समाचार तक
बेबाक खबर बड़ा असर



