
कटिहार (बिहार)
केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर अखिल भारतीय हड़ताल के समर्थन में बिहार स्टेट ऑटो चालक संघ सीटू एवं ऑल इंडिया रोड ट्रांसपोर्ट वर्कर्स फेडरेशन से संबद्ध जिला ऑटो एसोसिएशन कटिहार के नेतृत्व में जिले में ऑटो और ई रिक्शा चालकों ने परिचालन पूरी तरह बंद रखा। हड़ताल के कारण शहर में यात्री परिवहन व्यवस्था प्रभावित रही और आम लोगों को आवाजाही में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
चालकों ने आरोप लगाया कि रोड टैक्स, फिटनेस टैक्स, प्रदूषण टैक्स, परमिट टैक्स और पेशा कर जमा करने के बावजूद नगर निगम, नगर परिषद और जिला परिषद के नाम पर प्रतिदिन 15 से 20 रुपये की वसूली की जाती है। उनका कहना है कि शहर में व्यवस्थित ऑटो और ई रिक्शा स्टैंड की व्यवस्था नहीं होने से वाहन सड़क किनारे खड़े करने पड़ते हैं, जिसके बाद नो पार्किंग के नाम पर कार्रवाई कर आर्थिक दबाव बनाया जाता है।
हड़ताली चालकों ने उच्च न्यायालय के आदेश के अनुरूप चौक चौराहों की बंदोबस्ती रद्द करने, चालक कल्याण योजना लागू करने, सभी शहरों में स्थायी ऑटो स्टैंड और चार्जिंग प्वाइंट की व्यवस्था करने, शहर के भीतर फिटनेस सेंटर स्थापित करने तथा तय दर से अधिक शुल्क वसूली पर रोक लगाने की मांग उठाई। साथ ही महंगाई के अनुरूप किराया निर्धारण की भी मांग की गई।
हड़ताल में अजीत कुमार राय, गौतम घोष, टुनटुन यादव, वेदानंद, उमेश मंडल, शान मोहम्मद और सलाम खान सहित कई चालक नेता शामिल रहे।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
प्रमंडल प्रभारी, पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर


