
कटिहार (बिहार)
कटिहार जिले के नगर थाना पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर एक बड़े चोरी कांड का सफल उद्भेदन किया है। पुलिस ने इस मामले में पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए चोरी किए गए जेवरात और नगद राशि की बरामदगी की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित शिवम कुमार वर्मा द्वारा नगर थाना में लिखित आवेदन दिया गया था। उन्होंने बताया कि 20 जनवरी 2026 की रात अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान लगभग आठ किलोग्राम चांदी, सोलह ग्राम सोना, तीन दशमलव सात शून्य शून्य ग्राम शुद्ध सोना सहित कुल लगभग छब्बीस लाख नब्बे हजार रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर ली गई थी।
इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या पचानवे बटा छब्बीस के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा तीन शून्य तीन उपधारा दो एवं तीन तीन चार में प्राथमिकी दर्ज की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कटिहार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कटिहार एक के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी में संलिप्त पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से चोरी की गई एक दशमलव तीन शून्य शून्य किलोग्राम चांदी के आभूषण, लगभग बारह ग्राम सोने के आभूषण तथा बहत्तर हजार पांच सौ पचास रुपये नगद राशि बरामद की है। सभी गिरफ्तार अभियुक्त थाना अमदाबाद जिला कटिहार के निवासी बताए गए हैं। मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
प्रमंडल प्रभारी – पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



