
कटिहार (पूर्णिया)
कटिहार लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत मनीहरी नगर पंचायत में अम्बेडकर चौक से लेलहा चौक तक सड़क के चौड़ीकरण एवं गोलंबर निर्माण की मांग को लेकर माननीय सांसद तारिक़ अनवर द्वारा केंद्र सरकार से लगातार संवाद किया जा रहा है। स्थानीय नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर सांसद द्वारा संबंधित मंत्रालय के समक्ष विषय को गंभीरता से रखा गया है।
इस संबंध में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने जानकारी दी है कि राष्ट्रीय राजमार्ग 131A के अमदाबाद मनीहरी खंड में संचालित परियोजना के पूर्ण होने के उपरांत उक्त मार्ग को राज्य सरकार को हस्तांतरित किया जाएगा। इसके बाद सड़क चौड़ीकरण तथा गोलंबर निर्माण सहित अन्य आवश्यक विकास कार्यों का मार्ग प्रशस्त होगा।
परियोजना के पूर्ण होने तक आम जनता को राहत देने के उद्देश्य से सड़क की मरम्मत एवं रख रखाव के लिए ठेकेदार की नियुक्ति भी कर दी गई है। इससे क्षेत्र में आवागमन के दौरान होने वाली समस्याओं को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।
मनीहरी नगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने की दिशा में सांसद तारिक़ अनवर का प्रयास निरंतर जारी है। स्थानीय लोगों ने भी सड़क चौड़ीकरण और गोलंबर निर्माण को क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक बताया है।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
जिल प्रमंडल प्रभारी – पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



