
कटिहार
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय कटिहार में छह दिवसीय हाथों से हुनर तक प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। इस प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारना और उनमें रचनात्मक सोच के साथ साथ आत्मनिर्भरता का विकास करना है।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को मिट्टी से विभिन्न कलाकृतियां बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। बच्चों को मिट्टी शिल्प की बारीकियों से परिचित कराया गया, जिससे उनकी कलात्मक समझ, सृजनात्मक क्षमता और आत्मविश्वास में वृद्धि देखने को मिली।
प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य असद अली खान ने किया। इस अवसर पर उपाचार्य निशांत सिंह, प्राध्यापक अमित कुमार, शिक्षक शम्स तबरेज एवं शिक्षिका दीक्षा गुप्ता उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की कला आधारित शिक्षा विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करती है।
प्रशिक्षण शिविर में कौशल विकास शिक्षक कमल किशोर शर्मा एवं कौशल विकास सहयोगी सुखदेव पंडित द्वारा विद्यार्थियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। बच्चों ने मिट्टी से कलाकृतियां बनाने की प्रक्रिया को विशेष रुचि के साथ सीखा और सराहा।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस तरह के रचनात्मक एवं कौशल विकास आधारित कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
जिल प्रमंडल प्रभारी – पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



