Bihar ; पेशी के दौरान पप्पू यादव का सरकार पर तीखा संदेश
राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप, नीट छात्रा की लड़ाई को बताया गिरफ्तारी की वजह

पटना (बिहार)
पेशी के दौरान पप्पू यादव ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। न्यायालय में प्रस्तुत होते समय उन्होंने अपने अधिवक्ता के माध्यम से कहा कि वैचारिक मतभेद को राजनीतिक प्रतिशोध में बदला जा रहा है।
सरकार पर लगाया दबाव की राजनीति का आरोप
सांसद ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित कुछ मंत्रियों और अधिकारियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्षों तक उन्होंने सरकार का समर्थन किया। कभी व्यक्तिगत हमला नहीं किया। इसके बावजूद उन्हें लगातार कानूनी प्रक्रियाओं में उलझाया जा रहा है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब सभी मामलों में जमानत मिल चुकी है, तो अचानक प्रोडक्शन वारंट क्यों जारी हुआ। उनके अनुसार यह कार्रवाई सामान्य प्रक्रिया से अलग दिखाई देती है।
नीट छात्रा के मुद्दे को बताया कारण
पप्पू यादव ने कहा कि नीट छात्रा को न्याय दिलाने की मांग उनकी प्राथमिकता रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी वजह से उन्हें निशाना बनाया गया। हालांकि उन्होंने न्यायपालिका पर विश्वास जताया।
लोकतंत्र पर भरोसा, संघर्ष जारी रखने का संदेश
सांसद ने अपने समर्थकों और विपक्षी नेताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा। साथ ही न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
प्रमंडल प्रभारी – पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



