
कटिहार
कटिहार शहर में नगर निगम की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। न्यू मार्केट इलाके में सड़क पर छोड़े गए मिट्टी के बड़े ढेर के कारण इंटरमीडिएट परीक्षा देने जा रहे छात्र छात्राओं समेत आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
नगर निगम द्वारा कराए गए कार्य के बाद सड़क पर डाली गई मिट्टी को समय रहते नहीं हटाया गया, जिससे मार्ग संकरा और फिसलन भरा हो गया। बुधवार सुबह परीक्षा केंद्र जाने वाले छात्रों और राहगीरों को जाम की स्थिति से जूझना पड़ा, वहीं कई वाहन कीचड़ में फंसते नजर आए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग को जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। परीक्षा के दिन इस तरह की अव्यवस्था से छात्रों का समय और मानसिक स्थिति दोनों प्रभावित हुई।
नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि न्यू मार्केट सड़क से अविलंब मिट्टी हटाई जाए और भविष्य में नगर निगम द्वारा कराए जाने वाले कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि आम लोगों और परीक्षार्थियों को इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
जिल प्रमंडल प्रभारी – पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



