
किशनगंज (पूर्णिया)
पुलिस अधीक्षक किशनगंज द्वारा पाटमारी थाना का औचक निरीक्षण किए जाने के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर सख्त कार्रवाई की गई है। निरीक्षण में कर्तव्यहीनता, अनुशासनहीनता, लापरवाही एवं उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना पाए जाने के बाद पाटमारी थानाध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक सोना कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा 30 जनवरी 2026 को किए गए निरीक्षण में यह तथ्य सामने आया कि भारत नेपाल सीमा से जुड़े एक महत्वपूर्ण मामले की सूचना समय रहते वरीय अधिकारियों को नहीं दी गई। इसके साथ ही आगंतुक कक्ष को आम नागरिकों के लिए खाली रखने के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद उसमें पुलिस पदाधिकारी का आवासन पाया गया।
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि आगंतुक पंजी का समुचित संधारण नहीं किया गया था तथा कई आवश्यक अभिलेखों का रख रखाव भी संतोषजनक नहीं पाया गया। पूर्व में दिए गए निर्देशों का अनुपालन न होना प्रशासनिक लापरवाही की श्रेणी में माना गया।
इन सभी गंभीर तथ्यों को ध्यान में रखते हुए थानाध्यक्ष के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें लाइन हाजिर किया गया है। पुलिस प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि विस्तृत जांच एवं स्पष्टीकरण प्राप्त होने के बाद संबंधित अधिकारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
किशनगंज पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिले के सभी थानों में अनुशासन, पारदर्शिता और आमजन के साथ शालीन व्यवहार सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
जिल प्रमंडल प्रभारी – पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



