Bihar ; रामकृष्ण मिशन आश्रम में परमहंस की आविर्भाव तिथि पर उमड़ी श्रद्धा
भक्ति, यज्ञ और कीर्तन से गूंजा कटिहार आश्रम, संत के संदेशों का स्मरण

कटिहार (बिहार)
कटिहार स्थित रामकृष्ण मिशन आश्रम में महान संत रामकृष्ण परमहंस की 191वीं आविर्भाव तिथि श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण के बीच मनाई गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु आश्रम परिसर में एकत्र हुए और दिनभर चले धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः मंगल आरती और विशेष पूजा से हुई। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ आयोजित किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। हवन के पश्चात भजन और कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें संत के जीवन, उनके उपदेशों और सर्वधर्म समभाव के संदेशों का स्मरण किया गया।
आश्रम के सचिव स्वामी महेश्वरानंद महाराज ने कहा कि रामकृष्ण परमहंस के विचार आज भी समाज को नैतिक और आध्यात्मिक दिशा देते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से उनके आदर्शों को जीवन में उतारने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया।
पूरे आयोजन के दौरान आश्रम परिसर में शांति और अनुशासन का वातावरण रहा, जिससे उपस्थित श्रद्धालुओं को आत्मिक शांति और प्रेरणा मिली।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रबर्ती
प्रमंडल प्रभारी
समाचार तक
बेबाक खबर बड़ा असर



