Bihar; सदर अस्पताल में लापरवाही का खुलासा
ईसीजी कक्ष से मशीन चोरी, प्रशिक्षु स्वास्थ्यकर्मी पर गिरी गाज

कटिहार (बिहार)
सदर अस्पताल में उस समय हड़कंप मच गया जब ईसीजी कक्ष से ईसीजी मशीन चोरी होने का मामला सामने आया। शुक्रवार की सुबह मरीजों की जांच के लिए जब कक्ष खोला गया तो भीतर से सरकारी ईसीजी मशीन गायब मिली। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को सूचित किया।
मामले की छानबीन के दौरान यह तथ्य सामने आया कि ईसीजी कक्ष में ताला लगाने की जिम्मेदारी एक प्रशिक्षु स्वास्थ्यकर्मी को दी गई थी। जांच में पता चला कि संबंधित युवक ने गुरुवार की रात ईसीजी मशीन चोरी कर उसे बाहर बेच दिया था।
अस्पताल प्रबंधन के दबाव के बाद आरोपी युवक ने चोरी की गई सरकारी ईसीजी मशीन वापस अस्पताल को सौंप दी। हालांकि मशीन की अनुपलब्धता के कारण शुक्रवार को कई मरीजों को जांच कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ जितेंद्र नाथ सिंह ने बताया कि ईसीजी मशीन के गायब होने की सूचना मिली थी, लेकिन बाद में आरोपी द्वारा मशीन वापस कर दी गई। उन्होंने कहा कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
प्रमंडल प्रभारी – पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



