
कटिहार (बिहार)
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन–2025 के दौरान सहायक थाना, कटिहार में जमा कराई गई एक लाइसेंसी पिस्टल के गुम हो जाने के मामले में कटिहार पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इस गंभीर लापरवाही को लेकर सहायक थाना प्रभारी सहित तीन पुलिस पदाधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विधानसभा चुनाव के दौरान अनुज्ञाधारी चन्द्रशेखर सिंह द्वारा अपनी बिना मैगजीन वाली पिस्टल सहायक थाना में विधिवत रूप से जमा कराई गई थी। चुनाव संपन्न होने के बाद जब अनुज्ञाधारी ने अपना शस्त्र वापस मांगा, तो जांच के दौरान यह सामने आया कि पिस्टल थाना परिसर से गायब हो चुकी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक थाना कांड संख्या 1251/25 दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक, कटिहार द्वारा संबंधित पुलिस पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सहायक थाना प्रभारी पु०अ०नि० आनंद कुमार एवं दो अन्य पुलिस पदाधिकारियों के विरुद्ध विभागीय जांच शुरू कर दी गई।
कार्रवाई के तहत वर्तमान सहायक थाना प्रभारी पु०अ०नि० आनंद कुमार को तत्काल प्रभाव से सहायक थाना के थानाध्यक्ष पद से हटा दिया गया है।
कटिहार पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव जैसे संवेदनशील समय में सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
🖋️ प्रीतम चक्रवर्ती
पूर्णिया प्रमंडल प्रभारी
कटिहार (बिहार)
🟢 समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



