
कटिहार (बिहार)
श्री श्याम मित्र मंडल, कटिहार द्वारा संस्था के स्वर्ण जयंती महोत्सव के अवसर पर आयोजित साप्ताहिक श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के भव्य और सफल आयोजन के समापन पर मंडल की ओर से समस्त कटिहारवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया है।
संस्था के पदाधिकारी पंकज तम्बाकूवाला ने कहा कि यह ऐतिहासिक धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजन कटिहारवासियों के सहयोग, सेवा भाव और भक्तिभाव के बिना संभव नहीं हो पाता। उन्होंने बताया कि यदि आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की कोई त्रुटि रह गई हो तो संस्था उसके लिए क्षमाप्रार्थी है।
उन्होंने कहा कि यह श्रीमद्भागवत महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ केवल संस्था का नहीं, बल्कि पूरे कटिहार का आयोजन था, जिसमें हर वर्ग और हर संस्था का सहयोग मिला। परम श्रद्धेय आचार्य श्री गौरव कृष्ण गोस्वामी जी द्वारा अत्यंत भावपूर्ण, रोचक और सारगर्भित ढंग से कथा वाचन किया गया, जिसके लिए संस्था ने उनके तथा उनकी पूरी टीम के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति, श्रद्धा और सत्संग के भाव में लीन दिखाई दिए। श्रद्धालुओं के उत्साह और सहयोग से संस्था के सदस्यों में भी नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ।
श्री श्याम मित्र मंडल ने इस सफल आयोजन के लिए सभी श्रद्धालुओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन, जिला पुलिस प्रशासन, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों, नगर निगम, सफाईकर्मियों, बिजली विभाग तथा प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार प्रकट किया है।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
पूर्णिया प्रमंडल प्रभारी
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



