
कटिहार (बिहार)
श्री श्याम मित्र मंडल, कटिहार द्वारा बाबा श्याम जी के स्वर्ण जयंती महोत्सव को ऐतिहासिक स्वरूप देने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह भव्य आयोजन तीन जनवरी से दस जनवरी तक स्थानीय राजेन्द्र स्टेडियम में श्रद्धा, भक्ति और भव्यता के साथ संपन्न होगा। इस अवसर पर राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त आचार्य गौरव कृष्ण गोस्वामी के मुखारविंद से श्रीमद्भागवत कथा का दिव्य वाचन किया जाएगा।
स्वर्ण जयंती महोत्सव के अंतर्गत तीन जनवरी की प्रातः स्थानीय श्री श्याम मंदिर, अड़गड़ा चौक से भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो कथा स्थल राजेन्द्र स्टेडियम पहुंचेगी। इसके पश्चात श्रीमद्भागवत माहात्म्य एवं मंगलाचरण के साथ कथा का शुभारंभ होगा और बाबा श्याम की अखंड ज्योत प्रज्वलित की जाएगी।
तीन जनवरी से नौ जनवरी तक प्रतिदिन अपराह्न तीन बजे से संध्या सात बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा। पूजा पाठ का संपूर्ण दायित्व पंडित सरोज शास्त्री द्वारा विधि विधान से निभाया जाएगा। कथा के साथ-साथ रासलीला एवं भजन संध्या का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्री श्याम मित्र मंडल के कलाकार मधुर और भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति देंगे।
दस जनवरी को हवन, पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ महोत्सव का समापन किया जाएगा। पूरे नगर को तोरण द्वारों और पताकाओं से सजाया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पादुकालय, शुद्ध पेयजल, चाय तथा शौचालय की समुचित व्यवस्था की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए संस्था के सदस्यों के साथ स्काउट एंड गाइड के सदस्य भी सेवाएं देंगे।
इस महा आयोजन को सफल बनाने में कटिहार की अनेक स्वयंसेवी संस्थाएं सहयोग कर रही हैं, वहीं जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का भी पूरा सहयोग प्राप्त हो रहा है। संस्था ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे आयोजन स्थल पर वाहन लेकर न आएं, समय से पहुंचकर शांतिपूर्ण और भक्तिमय वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें।
स्वर्ण जयंती महोत्सव के दौरान एक सप्ताह तक पूरा कटिहार नगर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहेगा।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
पूर्णिया प्रमंडल प्रभारी
कटिहार (बिहार)
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



