
कटिहार ( Bihar)
कटिहार में यातायात पुलिस से जुड़ा अवैध वसूली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में यातायात थाना से जुड़ा एक पुलिस पदाधिकारी और एक गृहरक्षक अवैध वसूली करते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक यातायात कटिहार द्वारा तत्काल जांच कराई गई। जांच के दौरान वीडियो में सामने आए आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित पुलिस पदाधिकारी और गृहरक्षक के विरुद्ध सहायक थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस कार्रवाई के तहत गृहरक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि वीडियो में शामिल पुलिस पदाधिकारी फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
कटिहार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विभाग की छवि धूमिल करने और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ किसी भी स्तर पर नरमी नहीं बरती जाएगी। मामले में आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद आम लोगों के बीच यातायात व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
जिल प्रमंडल प्रभारी – पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



