
पटना/कटिहार
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज ने सनातनी राजनीति का शंखनाद कर दिया है। उन्होंने घोषणा की है कि बिहार की सभी विधानसभा सीटों पर गौ भक्त निर्दल प्रत्याशी उतारे जाएंगे।
शंकराचार्य महाराज ने गौ मतदाता संकल्प यात्रा निकालकर गौ रक्षा और सनातन धर्म की महत्ता पर जोर दिया। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा—
“सनातन धर्म की रक्षा तभी संभव है जब हम गौ माता का संरक्षण करेंगे। गौ रक्षा केवल आस्था नहीं बल्कि हमारी संस्कृति और समाज की आधारशिला है।”
राजनीतिक दलों पर साधा निशाना
उन्होंने बताया कि गौ माता को राष्ट्र माता घोषित कराने की मांग लेकर वे राष्ट्रीय दलों के दिल्ली कार्यालय तक गए, लेकिन किसी भी राजनीतिक दल ने इस मुद्दे पर अपना स्पष्ट पक्ष नहीं रखा। शंकराचार्य महाराज ने कहा कि मजबूरी में अब उन्हें बिहार में अपने गौ भक्त प्रत्याशी मैदान में उतारने पड़ रहे हैं।
चुनाव प्रचार करेंगे स्वयं शंकराचार्य
शंकराचार्य जी ने घोषणा की कि नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों की सूची औपचारिक रूप से जारी की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वे स्वयं चुनाव प्रचार करेंगे और सनातनी हिंदुओं से अपील करेंगे कि वे केवल उन्हीं उम्मीदवारों को वोट दें जो गौ रक्षा के लिए दृढ़ संकल्पित हों।
कार्यक्रम में उमड़ा उत्साह
परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का माहौल आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रंग में रंगा रहा। बड़ी संख्या में भक्तों ने शंकराचार्य महाराज के संदेश को श्रद्धा और उत्साह के साथ आत्मसात किया।
🖋️ रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
पूर्णिया प्रमंडल प्रभारी, कटिहार (बिहार)
🟢 समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



