
कटिहार
पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय, कटिहार में बुजुर्ग अभिभावक दिवस का आयोजन आत्मीयता और सम्मान के भाव के साथ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्राथमिक संभाग के विद्यार्थियों और शिक्षकों द्वारा किया गया, जिसमें दादा दादी और नाना नानी की उपस्थिति ने पूरे परिसर को भावनात्मक वातावरण से भर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैप्टन लियाकत अली खान रहे, जिन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यालय की शैक्षिक व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि समाज में बुजुर्गों का स्थान सर्वोपरि है और नई पीढ़ी को उनसे संस्कार, अनुभव और जीवन मूल्य सीखने चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से बुजुर्ग अभिभावकों के सम्मान और देखभाल को जीवन का अहम हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में हमीदा बनो उपस्थित रहीं। विद्यालय के प्राचार्य असद अली खान ने अपने उद्बोधन में कहा कि बुजुर्ग केवल परिवार की धरोहर नहीं बल्कि समाज की जीवंत पाठशाला होते हैं। उन्होंने बच्चों को बुजुर्गों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने और उनके अनुभवों से सीख लेने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें बुजुर्ग अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सराहा। इस अवसर पर दादा दादी और नाना नानी के लिए विशेष क्रीड़ा प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें विजेताओं को प्राचार्य द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का समापन शिक्षक अमित कुमार के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। मंच संचालन शिक्षक हर्षित कुमार, हरिओम और रवि कुमार ने संयुक्त रूप से किया। शिक्षिका अंतरा चक्रवर्ती, साजिया नाज, संगीता कुमारी तथा शिक्षक शम्स तबरेज और कुमार धीरज का कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
जिल प्रमंडल प्रभारी – पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



