जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों की मरम्मत पर उठे सवाल, एसडीएम ने किया निरीक्षण
जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों की मरम्मत पर उठे सवाल, एसडीएम ने किया निरीक्षण

ललितपुर।
नगर क्षेत्र में जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत पाइप लाइन डालने के लिए की गई खुदाई और मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। शनिवार की देर शाम उप जिलाधिकारी सदर एवं नगर पालिका परिषद प्रशासक मनीष कुमार ने जेल चौराहा स्थित सड़क का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि जल निगम द्वारा पूर्व में कराई गई मरम्मत जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। सड़क धंसने से आवागमन बाधित हो रहा है और लोगों के दुर्घटनाग्रस्त होने की भी शिकायतें सामने आई हैं।
एसडीएम ने मौके पर मौजूद जल निगम के ठेकेदार और नगर पालिका के अवर अभियंता को स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए। उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्य मानक और गुणवत्ता के अनुरूप होना चाहिए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने जेल चौराहा से लेकर कर्पूरी ठाकुर चौराहा तक सड़क की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण करने के आदेश दिए। साथ ही यह भी निर्देश दिया कि पाइप लाइन का कार्य नगर पालिका को संज्ञान में लेकर ही कराया जाए, ताकि भविष्य में सड़क को नुकसान न पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता जल निगम, अवर अभियंता नगर पालिका खुशबू खान सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट- आर के पटेल, समाचार तक



