कृषि में नई तकनीक का संदेश, कटिहार में दो दिवसीय कृषि यंत्रीकरण मेले की गूंज
कृषि यंत्रों और जैविक खेती पर मिला किसानों को प्रशिक्षण, महापौर ने किया उद्घाटन

कटिहार (बिहार)
जिले में आधुनिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला कृषि विभाग एवं आत्मा के संयुक्त तत्वावधान में संयुक्त कृषि भवन परिसर में दो दिवसीय कृषि यंत्रीकरण मेला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 18 और 19 दिसंबर तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में किसान, कृषि अधिकारी और विशेषज्ञ शामिल हुए।
मेले का उद्घाटन कटिहार नगर निगम की महापौर श्रीमती उषा देवी अग्रवाल, उपमहापौर मंजूर खान, सहायक निदेशक शस्य पूर्णिया प्रमंडल तथा जिला कृषि पदाधिकारी कटिहार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन सत्र में अतिथियों ने किसानों से आधुनिक तकनीक अपनाकर खेती को लाभकारी बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कृषि पदाधिकारी ने हैप्पी सीडर जैसे आधुनिक कृषि यंत्र की जानकारी दी और बताया कि इससे परंपरागत जुताई की आवश्यकता नहीं पड़ती। फसल अवशेष का उपयोग सीधे खेत में हो जाता है, जिससे पराली जलाने की समस्या भी समाप्त होती है। उन्होंने कहा कि इस तकनीक से खेती की लागत घटती है और किसानों की आय में वृद्धि होती है।
वहीं सहायक निदेशक शस्य पूर्णिया प्रमंडल ने रासायनिक उर्वरकों के सीमित उपयोग पर जोर देते हुए कृषक बंधु जैविक खाद अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जैविक खाद न केवल मिट्टी की उर्वरता बढ़ाती है बल्कि पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है। उन्होंने किसानों से पराली न जलाने की अपील भी की।
महापौर श्रीमती उषा देवी अग्रवाल और उपमहापौर मंजूर खान ने अपने संबोधन में कहा कि कृषि यंत्रीकरण और प्रशिक्षण से किसान आत्मनिर्भर बनेंगे और जिले की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में प्रखंड स्तरीय कृषि पदाधिकारी, किसान समन्वयक, किसान सलाहकार और जिले भर से आए प्रगतिशील किसान बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्रशिक्षण सत्रों के माध्यम से किसानों को नई तकनीकों की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
जिल प्रमंडल प्रभारी – पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



