
कटिहार (बिहार)
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के बीच कटिहार में जिला अध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस महत्वपूर्ण पद के लिए कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दावेदारी पेश की है। इसके कारण पार्टी के भीतर चर्चा और सक्रियता दोनों बढ़ गई हैं।
पार्टी के कई पुराने और जमीनी कार्यकर्ताओं का कहना है कि कुछ ऐसे लोग भी दावेदार बनकर सामने आए हैं जो सामान्य दिनों में पार्टी गतिविधियों में कम दिखाई देते हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि कई चेहरे केवल बड़े नेताओं के आगमन के समय सक्रिय नजर आते हैं।
संगठन में सक्रिय कार्यकर्ताओं का यह भी कहना है कि जिला अध्यक्ष ऐसा होना चाहिए जो लगातार संगठनात्मक काम में जुड़ा रहा हो। कार्यकर्ताओं के अनुसार नेतृत्व ऐसा होना चाहिए जो पुराने और नए सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चल सके।
कई कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि संगठन की मजबूती के लिए जरूरी है कि जिला अध्यक्ष जमीनी स्तर पर सक्रिय रहे। साथ ही वह कार्यकर्ताओं से संवाद बनाए रखे और संगठन में एकजुटता को बढ़ाए।
इसी बीच संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त प्रभारी लगातार नेताओं और कार्यकर्ताओं से फीडबैक ले रहे हैं। पार्टी नेतृत्व योग्य और स्वीकार्य व्यक्ति के चयन पर विचार कर रहा है।
अब पार्टी कार्यकर्ताओं की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि कांग्रेस नेतृत्व कटिहार में किस ऐसे चेहरे को जिम्मेदारी देता है जो संगठन को मजबूत कर सके और कार्यकर्ताओं को एकजुट रख सके।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
पूर्णिया प्रमंडल प्रभारी
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



