
कटिहार (बिहार)
कड़ाके की ठंड के बीच जरूरतमंदों के लिए राहत बनकर सामने आए विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शहीद चौक पर सेवा कार्यक्रम का आयोजन कर गर्म कपड़ों का वितरण किया। सेवा को ही धर्म मानते हुए आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को ठंड से बचाव के लिए स्वेटर, जैकेट और कंबल प्रदान किए गए।
बजरंग दल के जिला संयोजक राणा सोनी ने बताया कि लगातार गिरते तापमान को देखते हुए संगठन ने समाज के सहयोग से यह अभियान शुरू किया। कार्यकर्ताओं ने घर घर जाकर और समाज के सहयोग से गर्म कपड़े एकत्र किए और जरूरतमंदों तक पहुंचाए। उन्होंने कहा कि यह अभियान समाज की सहभागिता से समाज की सेवा की भावना को मजबूत करता है।
कार्यक्रम के दौरान नगर संयोजक हर्षित कुमार ने कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है और संगठन के कार्यकर्ता केवल अपना सामाजिक दायित्व निभा रहे हैं, ताकि कोई भी जरूरतमंद ठंड के कारण असुरक्षित न रहे। कार्यक्रम में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पूरी सक्रियता के साथ सहभागिता की।
कार्यक्रम के समापन पर संगठन की ओर से नगर के सक्षम नागरिकों से भी अपील की गई कि वे आगे आकर ठंड से जूझ रहे जरूरतमंद लोगों की सहायता करें। इस अवसर पर जिला मिलन केंद्र प्रमुख रंजन साह, नगर मंत्री प्रणव भगत, राहुल सनातनी, कुणाल जोशी, बादल रमानी, विक्की कुमार, रवि झा, आनंद कुमार, कुणाल कुमार, मुकेश शर्मा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
प्रमंडल प्रभारी पूर्णिया
कटिहार (बिहार)
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



