
कटिहार (बिहार)
कटिहार जिले के मनिहारी थाना क्षेत्र में हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कटिहार पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि त्वरित कार्रवाई और तकनीकी अनुसंधान के जरिए इस कांड का खुलासा किया गया है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 05 जनवरी 2026 को भारत फाइनेंस इन्क्लूजन लिमिटेड में कार्यरत संजीव कुमार मंडल कार्य के दौरान कलेक्शन कर मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। इसी दौरान संध्या करीब सात बजकर चालीस मिनट पर कटिहार मोड़ एनएच 131ए के पास अज्ञात अपराधियों ने उनकी मोटरसाइकिल में धक्का देकर गिरा दिया और पिस्टल का भय दिखाकर उनके पास से पचहत्तर हजार पचास रुपये नकद, टैब, चेक, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड सहित अन्य आवश्यक कागजात लूट लिए।
घटना के बाद मनिहारी थाना कांड संख्या चार वर्ष 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 309(4) में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कटिहार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनिहारी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
गुप्त सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर लगातार छापेमारी कर पुलिस ने इस लूटकांड में शामिल सात अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, लूटा गया टैब, उनतीस हजार तीन सौ बीस रुपये नकद, बैग और पीड़ित के लूटे गए कागजात बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में शेख राजा, मो राजा, गोलू कुमार यादव, तंजीर, मो दानिश, कुलदीप कुमार और राकेश कुमार यादव शामिल हैं। सभी आरोपी मनिहारी थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के हौसले कमजोर पड़े हैं और आम लोगों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
पूर्णिया प्रमंडलीय प्रभारी
कटिहार (बिहार)
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



