
कटिहार (बिहार)
कटिहार नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 08 के बरमसिया शिव मंदिर इलाके में नाला निर्माण कार्य के दौरान रविवार शाम एक हादसा हो गया। बुडको द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य के समय जेसीबी से खुदाई के दौरान अचानक पिलर गिर गया। इसकी चपेट में आने से एक स्थानीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना रविवार शाम लगभग 7:30 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि खुदाई के दौरान पर्याप्त सावधानी नहीं बरती जा रही थी। लोगों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही राहगीरों को सावधान करने के लिए कोई चेतावनी संकेत लगाए गए थे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड का कार्यालय इसी इलाके में है। इसके कारण वहां हमेशा लोगों का आना जाना लगा रहता है। इसके बावजूद निर्माण एजेंसी द्वारा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। नाराज लोगों ने निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप लगाया और काम को फिलहाल रोक दिया गया। लोगों का कहना है कि जब तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जाएंगे तब तक निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं होना चाहिए।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
प्रमंडल प्रभारी पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



