
कटिहार (बिहार)
कटिहार जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह की औपचारिक शुरुआत हो गई है। एक जनवरी से इकतीस जनवरी 2026 तक चलने वाले इस अभियान के तहत जिलेभर में सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में मंगलवार को जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक कटिहार ने समाहरणालय परिसर से सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जागरूकता रथ जिले के सभी प्रखंडों और अनुमंडलों से होकर गुजरेगा। यह बस स्टैंड, चौक चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रयोग, सुरक्षित वाहन संचालन, दुर्घटनाओं से बचाव और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करेगा। अभियान के माध्यम से आम नागरिकों से अपील की गई कि वे लापरवाह ड्राइविंग, स्टंटबाजी और तेज गति से वाहन चलाने से बचें।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से यह अभियान पूरे माह निरंतर चलाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन, परिवहन विभाग और पुलिस विभाग के वरीय अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
पूर्णिया प्रमंडल प्रभारी
कटिहार (बिहार)
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



