
कटिहार (बिहार)
कटिहार जिला कांग्रेस के कद्दावर एवं वरिष्ठ नेता स्वर्गीय बानीनाथ सिंह की 12वीं पुण्यतिथि पर शहर के अमला टोला स्थित यज्ञशाला मंदिर प्रांगण में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनके तेल चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और उनके विचारों को स्मरण किया।
सभा का आयोजन स्वर्गीय बानीनाथ सिंह के पुत्र एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नगर अध्यक्ष संजय कुमार सिंह उर्फ पुतुल सिंह एवं नगर अध्यक्ष राजेश रंजन मिश्रा उर्फ रिंकू मिश्रा द्वारा संयुक्त रूप से पुष्प अर्पण के साथ हुई। इसके पश्चात कांग्रेस के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने स्वर्गीय बानीनाथ सिंह के राजनीतिक जीवन, संगठन के प्रति समर्पण और जनसेवा के कार्यों को याद किया। नेताओं ने कहा कि बानी बाबू कांग्रेस की विचारधारा के प्रति आजीवन प्रतिबद्ध रहे और उन्होंने जिले में संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। उनका सादा जीवन और संघर्षशील व्यक्तित्व आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा है।
इस अवसर पर अधिवक्ता सह जिला मुख्य प्रवक्ता शंकर सिंह, नगर उपाध्यक्ष आनंद सिंह, वरिष्ठ नेता संजय सिंह, भूषण सिंह, बेचन पांडे, दामोदर चौबे, रंजीत कुमार श्रीवास्तव सहित अनेक कांग्रेसी नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में स्वर्गीय बानीनाथ सिंह की स्मृति में नारायण भोज का भी आयोजन किया गया।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
प्रमंडल प्रभारी पूर्णिया
कटिहार (बिहार)
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



