
कटिहार
उत्तर प्रदेश के कानपुर में लगे “आई लव मुहम्मद” लिखित बैनर को लेकर उठे विवाद के विरोध में कटिहार जिला नौजवान कमिटी ने शुक्रवार को शहर में विशाल जुलूस निकाला। जुलूस चौधरी मोहल्ला चौक, मिलन चौक, फकीर तक्या चौक, बाटा चौक समेत कई मार्गों से होते हुए शहीद चौक पहुंचा।
जुलूस का नेतृत्व कर रहे जिला नौजवान कमिटी के अध्यक्ष अरमान मंजर राणा ने कहा कि कानपुर में बैनर लगाने पर हुई गिरफ्तारी और उससे जुड़ा घटनाक्रम योगी सरकार की मुसलमानों के खिलाफ साजिश है। उन्होंने कहा कि वे और उनकी टीम पैगंबर साहब के प्रति अपार श्रद्धा रखते हैं और उनके सम्मान के लिये पूरी लगन से खड़े रहेंगे। राणा ने यह भी कहा कि यदि आवश्यक हुआ तो वे गिरफ्तारी की भी कीमत चुकाने के लिए तैयार हैं, परन्तु आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे।
वहीं मौके पर उपस्थित अधिवक्ता इजहार अली ने बताया कि 5 सितंबर को पैगंबर साहब के जन्मदिन के अवसर पर कानपुर में एक युवक ने “आई लव मुहम्मद” लिखा बोर्ड लगाया था, जिसे कुछ लोगों ने फाड़ दिया और युवक को गिरफ्तार किया गया। इजहार अली ने कहा कि संविधान ने अभिव्यक्ति की आज़ादी दी है और उस अधिकार का हनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे और उन्होंने स्थान पर नारेबाजी कर विरोध जताया। आयोजन में शहर भर के कई कार्यकर्ता और स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित थे।
🖋️ रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
पूर्णिया प्रमंडल प्रभारी, कटिहार (बिहार)
🟢 समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



