
कटिहार (बिहार)
कुर्सेला प्रखंड के दुर्गा मंदिर नया हाट में हुए भीषण अग्निकांड के बाद राहत और मुआवजे की मांग तेज हो गई है। नॉर्थ ईस्टर्न बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है।
चैम्बर अध्यक्ष सह विधान पार्षद अशोक अग्रवाल के निर्देश पर लिखे गए पत्र की जानकारी महासचिव भुवन अग्रवाल ने दी। उन्होंने बताया कि देर रात लगी आग में 300 से अधिक दुकानें जलकर राख हो गईं। इस हादसे में करोड़ों रुपये की संपत्ति नष्ट हुई और सैकड़ों परिवारों की आजीविका प्रभावित हुई है।
चैम्बर ने मांग की है कि पीड़ितों को तत्काल भोजन सामग्री, तिरपाल और उचित आर्थिक मुआवजा दिया जाए। साथ ही सभी प्रखंडों में दमकल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से समय रहते निपटा जा सके।
महासचिव ने कहा कि अग्निशमन संसाधनों की कमी के कारण आग पर काबू पाने में देरी हुई और पूर्णिया तथा भागलपुर से दमकल मंगानी पड़ी। उन्होंने जिले में अतिरिक्त दमकल गाड़ियां उपलब्ध कराने और अग्निशमन तंत्र को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर बल दिया।



