Uttar Pradesh ; निरंकुश बसों पर लगाम कब, मड़ावरा में तीन युवकों की दर्दनाक मौत
तेज रफ्तार ने छीनी तीन जिंदगियां, प्रशासन और परिवहन विभाग की कार्यशैली पर उठे सवाल

ललितपुर (उत्तर प्रदेश)
मड़ावरा क्षेत्र में तेज रफ्तार और बेलगाम बसों का खतरा एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। सोमवार रात करीब नौ बजे टीकमगढ़ से इंदौर जा रही राय बस ओरछा ट्रांसपोर्ट की बस संख्या MP09DQ5054 ने भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप के सामने मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों की मौत हो गई।
तीनों युवक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या UP94AL1325 से बम्होरी की ओर से मड़ावरा आ रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी और टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
मृतकों की पहचान आलोक पुत्र पप्पू निवासी बम्होरी कला उम्र अठारह वर्ष, राजकुमार पुत्र अशोक निवासी पिपरिया जागीर थाना पाली उम्र उन्नीस वर्ष तथा जयदीप पुत्र रमेश निवासी बम्होरी कला उम्र सोलह वर्ष के रूप में हुई है। बताया गया कि तीनों आपस में रिश्तेदार थे और पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहे थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मड़ावरा मार्ग पर तेज रफ्तार बसें नियमित रूप से दौड़ती हैं, लेकिन उन पर प्रभावी नियंत्रण नहीं है। पूर्व में मड़ावरा के नजदीक साडूमल में भी इसी प्रकार का हादसा हो चुका है। इसके बावजूद क्षेत्र में सख्त जांच और स्पीड नियंत्रण की कार्रवाई नहीं दिखती। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एआरटीओ स्तर से क्षेत्र में ठोस निगरानी नहीं की जाती।

घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार मनोज कुमार श्रीवास्तव और थाना प्रभारी मड़ावरा मौके पर पहुंचे। एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
गांवों में मातम पसरा है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। लोगों ने मांग की है कि मड़ावरा मार्ग पर तेज रफ्तार बसों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए और जिम्मेदारों पर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न दोहराई जाएं।
रिपोर्ट – आर. के. पटेल
ललितपुर
समाचार तक
बेबाक खबर बड़ा असर



