Bihar ; नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजने की योजना पहले से तय थी, डॉ जावेद का भाजपा पर आरोप
कटिहार में प्रेस वार्ता के दौरान सांसद ने बिहार की राजनीति पर साधा निशाना, संगठन सृजन अभियान पर भी बोले

कटिहार (बिहार)
इंडियन नेशनल कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत कटिहार पहुंचे किशनगंज के सांसद डॉ जावेद ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बिहार की राजनीति पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजने की पूरी योजना पहले से ही भारतीय जनता पार्टी द्वारा तैयार कर ली गई थी।
सांसद डॉ जावेद ने कहा कि चुनाव से पहले ही भाजपा ने रणनीति बना ली थी कि नीतीश कुमार के नाम पर वोट लिया जाएगा, सरकार बनाई जाएगी और बाद में किसी न किसी बहाने उन्हें राज्यसभा भेजकर बिहार की सत्ता पर पूरी तरह भाजपा का नियंत्रण स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने जिस विश्वास के साथ वोट दिया था, अब उसी जनादेश के साथ राजनीतिक खेल खेला जा रहा है। डॉ जावेद ने आरोप लगाया कि भाजपा की मूल मंशा बिहार की सत्ता को अपने नियंत्रण में लेना है और उसी दिशा में राजनीतिक घटनाक्रम आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान के माध्यम से कांग्रेस पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत किया जा रहा है तथा आने वाले समय में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी के साथ संगठन को विस्तार दिया जाएगा।
इस अवसर पर कटिहार जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार यादव, किशनगंज कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष इमाम अली चिंटू, आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय ऑब्जर्वर डॉ विपिन कुमार, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष प्रदीप कुमार पासवान, संजय कुमार सिंह, चंद्रभानु गुप्ता, संजय सिंह, जिला प्रवक्ता पंकज तंबाकूवाला सहित कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
प्रमंडल प्रभारी पूर्णिया
कटिहार (बिहार)
समाचार तक
बेबाक खबर बड़ा असर



