पर्व में खलल डालने वालों की खैर नहीं – सीओ निचलौल
बिना अनुमति मूर्ति रखने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

महराजगंज
आगामी दीपावली और छठ पर्व को लेकर ठूठीबारी कोतवाली परिसर में शुक्रवार को पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता निचलौल के क्षेत्राधिकारी शिव प्रताप सिंह और एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान क्षेत्र के प्रधानों, व्यापारियों और संभ्रांत नागरिकों को आपसी भाईचारे के साथ शांति पूर्वक त्यौहार मनाने की अपील की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए सीओ शिव प्रताप सिंह ने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अशांति या खलल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना नजदीकी थाने से अनुमति लिए मूर्ति की स्थापना या विसर्जन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह या भड़काऊ गतिविधि पर ध्यान न दें और क्षेत्र में कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
बैठक में ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी महेंद्र मिश्रा, एसआई राजनरायण सिंह, अनूप यादव, मनोहर यादव, मृत्युंजय तिवारी, दिव्य प्रकाश सहित कई सम्मानित लोग उपस्थित रहे।
🖋️ रिपोर्ट – धनंजय पटेल
जिला ब्यूरो – महराजगंज
🟢 समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



