पत्रकार भवन से हटे अवैध कब्जा, स्थायी समिति की बैठक शीघ्र बुलाने की मांग मुख्यमंत्री को ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन
पत्रकार भवन से हटे अवैध कब्जा, स्थायी समिति की बैठक शीघ्र बुलाने की मांग मुख्यमंत्री को ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन

ललितपुर।
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन (ग्रापए) ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन करते हुए एडीएम नमामि गंगे राजेश श्रीवास्तव के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पत्रकार भवन से वर्षों से चला आ रहा अवैध कब्जा हटाने और जिला स्थायी समिति की बैठक तत्काल बुलाए जाने सहित सात सूत्रीय मांगें रखी गईं।
ग्रापए जिलाध्यक्ष सम्राट राजा ने बताया कि सूचना निदेशालय और स्थानीय सूचना अधिकारी मुख्यमंत्री के आदेशों की खुलेआम अवहेलना कर रहे हैं। बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद जिला स्थायी समिति की बैठक आयोजित नहीं की जा रही। उन्होंने मांग की कि इस माह हर हाल में बैठक बुलाई जाए, ताकि पत्रकारों से जुड़े अहम मामलों का समाधान हो सके।
उन्होंने यह भी कहा कि अमर शहीद पं. गणेश शंकर विद्यार्थी पत्रकार भवन को जिला सचिवालय के रूप में मान्यता प्राप्त है, लेकिन एक एनजीओ ने कई वर्षों से इस भवन पर अवैध कब्जा कर रखा है। इसे तत्काल कब्जामुक्त कराया जाए।
इसके साथ ही ग्रापए ने आरोप लगाया कि जिला सूचना कार्यालय द्वारा संचालित व्हाट्सएप ग्रुप में कई फर्जी पत्रकार शामिल हैं, जिनके पास न तो कोई समाचार पत्र है और न ही वैधानिक मान्यता। ऐसे यूट्यूबरों को तत्काल ग्रुप से बाहर किया जाए।
ज्ञापन में पत्रकारों की सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकार निर्भीक होकर अपनी जिम्मेदारी निभा सकें।
सीएमओ कार्यालय में हल्ला बोल
ग्रापए पदाधिकारियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में भी हल्ला बोल प्रदर्शन किया। इस दौरान मड़ावरा सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डॉ. अविनाश कुमार से जुड़े प्रकरण में लिखित साक्ष्य प्रस्तुत कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही बांसी, बार और बिरधा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की गंभीर समस्याओं से भी सीएमओ को अवगत कराया गया। इस पर सीएमओ ने आश्वासन दिया कि जल्द ही समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।
✍️ रिपोर्ट – राजू कुशवाहा, तहसील संवाददाता मड़ावरा
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



